बलहा (बहराइच)। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुक्रवार को वन विभाग की ओर से ग्राम भटहेटा में ऑपरेशन सिन्दूर को समर्पित शौर्य वन की स्थापना की गई। इस दौरान शहीद सैनिकों की स्मृति में 1600 पौधे रोपे गए।
शौर्य वन की स्थापना भारतीय सेना की सिख रेजिमेंट में कार्यरत नायक हरनाम सिंह, बलहा ब्लॉक प्रमुख विजय वर्मा और जिला पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष कृपाराम वर्मा ने की। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता के प्रतीक के रूप में सिन्दूर का पौधा रोपित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
महिलाओं और युवतियों ने भी सक्रिय रूप से पौधारोपण में भाग लिया। इसके बाद वनकर्मियों और ग्रामीणों की सहभागिता से विभिन्न प्रजातियों के कुल 1600 पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन क्षेत्राधिकारी ने कहा कि जिन वीर बलिदानियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया, उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप वृक्षारोपण करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि शौर्य वन, शासन की मंशा के अनुरूप, हमारे सभी वीर जवानों के शौर्य और हाल ही में हुए ऑपरेशन सिन्दूर में भारतीय सैनिकों द्वारा प्रदर्शित अदम्य साहस को समर्पित है।
इस अवसर पर उपवन अधिकारी अमित वर्मा, प्रधान प्रतिनिधि सलमान अंसारी, वनरक्षक रामानंद मिश्रा, अमन कुमार सहित अन्य वनकर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे।